
लग्जरी कार में छिपा था नशे का बड़ा जाल: सिरौली पुलिस और SOG ने 4 किलो अफीम के साथ तस्कर धर दबोचा
ड्राइवर सीट के नीचे बना रखा था गुप्त केबिन, चंडीगढ़ ले जाई जा रही थी अफीम की बड़ी खेप
बरेली में नशा तस्करी पर करारा पुलिस का कड़ा प्रहार, संयुक्त कार्रवाई में बड़ा खुलासा
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता, सिरौली
बरेली! जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरौली पुलिस और एसओजी टीम ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल की। संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक लग्जरी कार से चार किलो अफीम बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक विटारा कार में नशीले पदार्थों की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर थाना सिरौली पुलिस और एसओजी की टीम ने पिपरिया उपराला मोड़ पर चेकिंग शुरू की। दोपहर करीब एक बजे संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई।
प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन जब वाहन की गहन तलाशी ली गई तो ड्राइवर सीट के नीचे विशेष रूप से तैयार किया गया एक गुप्त केबिन मिला। केबिन खोलने पर उसमें चार किलो अफीम छिपाकर रखी गई थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशोक पुत्र पूरन लाल निवासी ग्राम नौगंवा, थाना अलीगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अफीम की इस खेप को चंडीगढ़ ले जा रहा था, जहां इसे ऊंचे दामों पर बेचा जाना था। बरामद अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी अधिक बताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी अजय कुमार मौके पर पहुंचे और कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही तस्करी से जुड़े नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने के लिए जांच तेज कर दी गई है।