
बरेली का मान बढ़ा, राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड में पहुंची जिले की आवाज
राजेंद्र प्रसाद गुप्ता को केंद्र सरकार के बोर्ड में मिली जिम्मेदारी, बरेली के व्यापारियों में उत्साह
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। बरेली के लिए यह गर्व का क्षण है जब जिले के वरिष्ठ व्यापारी नेता और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र प्रसाद गुप्ता को भारत सरकार के राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड का सदस्य मनोनीत किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल बरेली बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के व्यापारी समाज में खुशी और उत्साह का माहौल है।
राजेंद्र प्रसाद गुप्ता लंबे समय से व्यापारियों की समस्याओं, हितों और अधिकारों के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। संगठनात्मक क्षमता, अनुभव और व्यापारी हितों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए केंद्र सरकार ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उनके मनोनयन को व्यापारी वर्ग की आवाज को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

व्यापारी नेताओं का कहना है कि राजेंद्र प्रसाद गुप्ता के बोर्ड में शामिल होने से छोटे व मध्यम व्यापारियों की समस्याएं अब सीधे केंद्र सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंच सकेंगी। इससे व्यापारी कल्याण योजनाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
उनके चयन पर बरेली सहित प्रदेशभर के व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की है। यह उपलब्धि बरेली के लिए राष्ट्रीय क्षितिज पर पहचान का प्रतीक बन गई है।