प्यार, शक और मौत का साया: जहूर अंसारी के घर सीता की लटकी मिली लाश, सीता के पिता ने लगाया हत्या का आरोप

Spread the love

प्यार, शक और मौत का साया: जहूर अंसारी के घर सीता की लटकी मिली लाश, सीता के पिता ने लगाया हत्या का आरोप

फोन पर हुआ झगड़ा, शाम को टूटा दरवाजा… कुंडे से लटकी मिली सीता, पति अब हिरासत में

सवाल आत्महत्या या गला दबाकर हत्या? बिशारतगंज में सीता की संदिग्ध मौत से मची सनसनी व हड़कंप

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। थाना बिशारतगंज क्षेत्र के गांव परा वहाउद्दीन नगर में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जहूर अंसारी उर्फ नन्हे के घर में उसकी पत्नी सीता की लाश छत के कुंडे से लटकी मिली। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए पति पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है

मृतका के पिता मुकेश ने बताया कि जहूर अंसारी टंकी निर्माण का काम करता है और उसने अपनी पहली पत्नी को पहले ही छोड़ दिया था। करीब दो साल पहले इटावा जेल में काम के दौरान उसकी मुलाकात राजस्थान के भरतपुर निवासी 37 वर्षीय सीता से हुई थी। बातचीत बढ़ी, प्रेम संबंध बने और करीब एक साल पहले जेल से रिहा होने के बाद दोनों ने शादी कर ली। सीता अपने तीन बच्चों के साथ जहूर के साथ गांव में रह रही थी।

आरोप है कि पिछले कुछ समय से जहूर और सीता के बीच विवाद बढ़ गया था। झगड़े और मारपीट की शिकायतें भी सामने आई हैं। बुधवार को दिन में दोनों के बीच फोन पर कई बार बात हुई, लेकिन जहूर काम में व्यस्त होने के कारण बातचीत नहीं कर सका। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।

जहूर का कहना है कि शाम को जब वह घर लौटा तो कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ने पर सीता कुंडे से लटकी मिली। नीचे उतारने तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं मायके वालों का आरोप है कि सीता की गला दबाकर हत्या की गई और बाद में आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

सूचना पर ग्राम प्रधान वीरेंद्र शाक्य ने पुलिस को अवगत कराया। थाना प्रभारी सतीश कुमार, सीओ आंवला नितिन कुमार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पति जहूर अंसारी को हिरासत में ले लिया गया है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सीता का अंतिम संस्कार रामगंगा तट पर हिंदू रीति-रिवाज से किया गया। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta