ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

बरेली बार चुनाव: कनिष्ठ उपाध्यक्ष रजत मोहन, उपाध्यक्ष हुलासी राम व संयुक्त सचिव शांतनु मिश्रा विजयी

Spread the love

बरेली बार चुनाव: कनिष्ठ उपाध्यक्ष रजत मोहन, उपाध्यक्ष हुलासी राम व संयुक्त सचिव शांतनु मिश्रा विजयी

कड़ी सुरक्षा में हुई मतगणना, शुरुआती नतीजों में कई अहम पदों पर तस्वीर साफ

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। बरेली बार एसोसिएशन के द्विवार्षिक चुनाव की मतगणना मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और भारी गहमागहमी के बीच शुरू हुई। सुबह करीब 11 बजे जैसे ही मतपेटियां खोली गईं, बार सभागार चुनावी गतिविधियों का केंद्र बन गया। शुरुआती परिणामों में कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रजत मोहन, उपाध्यक्ष पद पर हुलासी राम और संयुक्त सचिव (प्रकाशन) पद पर शांतनु मिश्रा ने जीत दर्ज कर ली।

कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में रजत मोहन को कुल 1059 मत प्राप्त हुए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद नसीम सैफी को 544 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। सैफी को 515 मत मिले। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

संयुक्त सचिव (प्रकाशन) पद पर शांतनु मिश्रा ने 438 मतों से जीत हासिल की। वहीं उपाध्यक्ष पद पर हुलासी राम को 565 मत प्राप्त हुए और वे 50 वोटों के अंतर से विजयी घोषित किए गए।

मतगणना की प्रक्रिया में सबसे पहले पुस्तकालय और प्रकाशन से जुड़े पदों के परिणाम सामने आए। कुल 21 पदों के लिए मतपत्रों की गिनती की जा रही है। अध्यक्ष और सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों की मतगणना दोपहर बाद शुरू होने की जानकारी दी गई है, जिनके नतीजे देर शाम तक आने की संभावना है।

गौरतलब है कि सोमवार को हुए मतदान के दौरान अंतिम घंटों में फर्जी वोटिंग की शिकायतों को लेकर माहौल तनावपूर्ण हो गया था। चुनाव में कुल 2428 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बार 88.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अध्यक्ष पद पर वर्तमान अध्यक्ष मनोज कुमार हरित और पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार द्विवेदी के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है, जबकि सचिव पद पर दीपक पांडे और गौरव सिंह के बीच कड़ी टक्कर बताई जा रही है।

छावनी में बदला बार परिसर

मतगणना को लेकर बार सभागार मार्ग पूरी तरह सुरक्षा घेरे में रहा। कमिश्नरी गेट से बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोकी गई। सीसीटीवी कैमरों और भारी पुलिस बल की निगरानी में मतगणना कराई जा रही है। कड़ाके की ठंड के बीच अधिवक्ता अलाव तापते हुए नतीजों का इंतजार करते नजर आए। पूरे दिन बार परिसर में चुनावी सरगर्मियां बनी रहीं।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta