बरेली के आनंद विहार कॉलोनी में चोरों का आतंक, नकदी व जेवरात लेकर फरार

Spread the love

 

बरेली के आनंद विहार कॉलोनी में चोरों का आतंक, नकदी व जेवरात लेकर फरार

घर का सामान बिखरा देख उड़े होश, बारादरी पुलिस ने शुरू की जांच

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र की आनंद विहार कॉलोनी में चोरी की एक वारदात सामने आई है, जिससे कॉलोनीवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। साईं मंदिर के समीप रहने वाली अलका शर्मा पत्नी स्वर्गीय अनिल कुमार शर्मा के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया।

पीड़िता के अनुसार मंगलवार सुबह करीब नौ बजे जब वह छत पर बने कमरे की सफाई के लिए पहुंचीं, तो वहां का नज़ारा देख वह हैरान रह गईं। कमरे में रखा सारा सामान बिखरा पड़ा था और संदूक खुले हुए थे। जांच करने पर पता चला कि चोर घर से करीब आठ हजार रुपये नकद, एक जोड़ी पायल तथा कुछ कीमती कपड़े चोरी कर ले गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने थाना बारादरी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ समय से कॉलोनी में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, जिससे लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि जल्द से जल्द चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta