
“मुकदमे की जांच पर उठे सवाल, शिकायतकर्ता ने कांकरटोला चौकी इंचार्ज पर लगाए गंभीर आरोप”
“एसएसपी से लगाई गुहार: आरोपियों को बचाने की कोशिश का आरोप, निष्पक्ष विवेचना की मांग”
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के रोहिली टोला, पुराना शहर निवासी शारिक अब्बासी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर एक दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि मामले की विवेचना कर रहे कांकरटोला चौकी इंचार्ज पर आरोपियों के साथ सांठगांठ होने के कारण जांच की निष्पक्षता प्रभावित हो रही है।
शारिक अब्बासी का कहना है कि उन्होंने रहीस, भूरा, शमशाद और साजिद सकलैनी के खिलाफ मुकदमा संख्या 396/2026 दर्ज कराया था। आरोप है कि विवेचना के दौरान शमशाद और साजिद सकलैनी के नाम मुकदमे से हटाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जब इस संबंध में उन्होंने विवेचक से जानकारी मांगी तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
शिकायतकर्ता के अनुसार विवेचक ने जांच को अपना अधिकार क्षेत्र बताते हुए कार्रवाई के संबंध में अंतिम निर्णय स्वयं लेने की बात कही। इसके बाद उन्हें जांच की निष्पक्षता पर संदेह हुआ और उन्होंने उच्चाधिकारियों का दरवाजा खटखटाया।
शारिक अब्बासी ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि वह वर्ष 2025 में हुए बलवा प्रकरण से जुड़े मामलों में गवाह हैं। उनका आरोप है कि विवेचक जानबूझकर कुछ आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने से बच रहे हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि एक आरोपी के परिवार से चौकी इंचार्ज के करीबी संबंध हैं, जिससे जांच प्रभावित होने की आशंका है।
शिकायतकर्ता ने एसएसपी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने, विवेचना की निगरानी किसी वरिष्ठ अधिकारी से कराने तथा मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस अधिकारियों की ओर से शिकायत पर जांच कराए जाने की बात कही जा रही है।