ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

बरेली में माय बार के बाहर दो गुटों में जमकर मारपीट, युवतियों में भी हुई हाथापाई; सड़क पर युवक को पीटा, VIDEO वायरल

Spread the love

 

बरेली में माय बार के बाहर दो गुटों में जमकर मारपीट, युवतियों में भी हुई हाथापाई; सड़क पर युवक को पीटा, VIDEO वायरल

फॉरच्यूनर और स्कॉर्पियो से पहुंचे थे दोनों पक्ष, बारादरी पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिये आरोपियों की पहचान में जुटी

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। पीलीभीत बाईपास रोड पर माय बार हेडक्वार्टर के सामने शनिवार रात दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष फॉरच्यूनर और स्कॉर्पियो गाड़ियों से पहुंचे थे। गाड़ियों से उतरने के बाद शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में सड़क पर मारपीट में बदल गया। इस दौरान दो युवतियां भी आपस में भिड़ गईं और एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचने लगीं। वहीं, कुछ युवकों ने एक युवक को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

कहासुनी के बाद सड़क पर मचा हंगामा

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दो युवतियां आपस में हाथापाई करती दिखाई दे रही हैं। दोनों एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचती नजर आ रही हैं। इसी दौरान कुछ दूरी पर कई युवक एक युवक को घेरकर पीटते दिख रहे हैं। युवक को सड़क पर गिराने के बाद उस पर लात-घूंसे बरसाए गए।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्ष अलग-अलग गाड़ियों से मौके पर पहुंचे थे। उनके बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और मारपीट में शामिल लोग कौन हैं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो के आधार पर पहचान कर रही पुलिस

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद बारादरी पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। जांच के जरिए मारपीट में शामिल युवक-युवतियों की पहचान करने के साथ विवाद की वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल घटना के संबंध में पुलिस की कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा सामने नहीं आया है।

क्रिसमस नाइट पर भी हुआ था विवाद

माय बार हेडक्वार्टर दिसंबर 2025 में क्रिसमस नाइट के दौरान हुए विवाद को लेकर भी चर्चा में आया था। उस समय टेबल बुकिंग को लेकर युवकों और एक युवती के बीच विवाद होने की बात सामने आई थी। विरोध करने पर युवती के भाई से भी कहासुनी हुई थी। आरोप था कि इसी दौरान युवती के सिर पर कांच की बोतल मार दी गई, जिससे वह घायल हो गई थी।

उस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके अलावा निर्धारित समय के बाद बार संचालित करने और तेज आवाज में डीजे बजाने के आरोपों के संबंध में मैनेजर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई थी।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta