
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रो. त्रिलोचन शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी, बने व्यवसाय प्रबंधन संकाय के डीन
रिपोर्ट :सौरभ गुप्ता
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में व्यवसाय प्रबंधन संकाय के नए संकायाध्यक्ष की नियुक्ति कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने व्यवसाय प्रबंधन विभाग के आचार्य एवं विभागाध्यक्ष प्रो. त्रिलोचन शर्मा को व्यवसाय प्रबंधन संकाय का संकायाध्यक्ष नियुक्त किया है। संकायाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के साथ ही वह होटल मैनेजमेंट विभाग के विभागाध्यक्ष का दायित्व भी संभालेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव की ओर से जारी आदेश के मुताबिक यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 (यथा संशोधित) की धारा 27 के खंड चार में उल्लिखित प्रावधानों के तहत कुलपति के आदेश के अनुपालन में की गई है। प्रो. त्रिलोचन शर्मा की नियुक्ति 24 अगस्त 2026 से प्रभावी मानी गई है और उनका कार्यकाल 23 अगस्त 2029 तक अथवा अधिवर्षिता आयु पूर्ण होने तक, जो भी पहले हो, रहेगा।
प्रो. शर्मा वर्तमान में विश्वविद्यालय परिसर स्थित व्यवसाय प्रबंधन विभाग में आचार्य एवं विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें कई पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उनके नाम दो पेटेंट दर्ज हैं। इसके अलावा उनकी 10 पुस्तकें तथा 57 शोध पत्र प्रकाशित अथवा प्रस्तुत किए जा चुके हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने नियुक्ति के संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों को सूचना जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कुलसचिव की ओर से जारी पत्र की प्रतियां नव नियुक्त संकायाध्यक्ष समेत विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्षों, निदेशक शोध, विभागाध्यक्षों, मीडिया प्रभारी, वित्त अधिकारी, परीक्षा नियंत्रक और अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी गई हैं।
प्रो. त्रिलोचन शर्मा को नई जिम्मेदारी मिलने पर व्यवसाय प्रबंधन विभाग और होटल मैनेजमेंट विभाग के शिक्षकों समेत विश्वविद्यालय के अन्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बधाई दी। शिक्षकों और कर्मचारियों ने उनके सफल कार्यकाल की कामना की!