
प्लास्टिक प्रदूषण, सफाई और वृक्षारोपण समेत विभिन्न समस्याओं पर भाकियू (टिकैत) ने सौंपा ज्ञापन
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला प्रवक्ता मोहम्मद इकबाल एडवोकेट के नेतृत्व में किसानों एवं आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में एससीएम प्रथम संत कुमार उपाध्याय को सौंपा गया।
ज्ञापन में प्लास्टिक एवं पॉलीथिन पर प्रभावी रोक लगाने, नालियों और नालों की नियमित सफाई, जलभराव की समस्या के समाधान तथा स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि पॉलीथिन, प्लास्टिक बोतलें, थर्माकोल और अन्य अपशिष्ट नालियों, खेतों और नदियों को प्रदूषित कर रहे हैं, जिससे संक्रामक बीमारियां बढ़ रही हैं और कृषि भूमि की उर्वरता भी प्रभावित हो रही है।
भाकियू (टिकैत) ने सरकार से प्लास्टिक उत्पादों के स्थान पर शीघ्र नष्ट होने वाले पर्यावरण-अनुकूल विकल्प विकसित करने, नागरिकों के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माने की व्यवस्था लागू करने की मांग की। संगठन ने मोहनपुर नकटिया स्थित ख्वाजानगर कॉलोनी और जनता इंग्लिश इंटर कॉलेज के आसपास जलभराव एवं सफाई व्यवस्था सुधारने की भी मांग उठाई।
ज्ञापन में वृक्षारोपण के बाद पौधों की नियमित देखभाल, आवारा पशुओं से उनकी सुरक्षा तथा स्मार्ट सिटी की तर्ज पर स्मार्ट गांव विकसित करने की मांग भी की गई। भाकियू नेताओं ने कहा कि स्वच्छ वातावरण, हरियाली और बेहतर जल निकासी से ही स्वस्थ भारत का निर्माण संभव है।