ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

भाई की हत्या के आरोपी हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा; 33 मुकदमों का है आरोपी

Spread the love

 

भाई की हत्या के आरोपी हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा; 33 मुकदमों का है आरोपी

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। शेरगढ़ थाना क्षेत्र में भाई की हत्या के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की गोली लगने से एक सिपाही घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 16 जुलाई को शेरगढ़ थाना क्षेत्र के खजुआ जागीर गांव में आपसी विवाद के दौरान गुड्डू उर्फ तौफीक ने अपने छोटे भाई इसरार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई थी।

बहेड़ी क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से कस्बापुर पुल की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया और टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान आरक्षी अंकुर भाटी गोली लगने से घायल हो गए।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही पकड़ लिया गया। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया, जबकि घायल सिपाही का भी उपचार कराया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बरामद 12 बोर के अवैध तमंचे का इस्तेमाल ही इसरार की हत्या में किया गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार गुड्डू उर्फ तौफीक शेरगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, मारपीट, अवैध हथियार और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कुल 33 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta