ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

बरेली सेंट्रल जेल से उम्रकैद का बंदी फरार, सात कर्मचारियों पर गिरी गाज

Spread the love

 

बरेली सेंट्रल जेल से उम्रकैद का बंदी फरार, सात कर्मचारियों पर गिरी गाज

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। इज्जतनगर स्थित केंद्रीय कारागार से सोमवार दोपहर एक उम्रकैद का बंदी सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर पांच जेल वार्डरों समेत सात कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।

फरार बंदी की पहचान अमरोहा जिले के डिडौली थाना क्षेत्र के नेनेड़ा राजपूत गांव निवासी दिनेश के रूप में हुई है। वह पॉक्सो अधिनियम के एक मामले में दोषी ठहराया गया था और बिजनौर न्यायालय से उम्रकैद की सजा मिलने के बाद पिछले छह वर्षों से बरेली केंद्रीय कारागार में निरुद्ध था।

जानकारी के अनुसार सोमवार को करीब 40 बंदियों को जेल परिसर से जुड़े फार्म हाउस में कार्य के लिए भेजा गया था। उनकी निगरानी के लिए कई जेल कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान दिनेश ने मौके का फायदा उठाया और वहां से फरार हो गया। काफी देर तक उसकी मौजूदगी का पता नहीं चलने पर कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल खोजबीन शुरू की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस फार्म हाउस में बंदियों से कार्य कराया जाता है, वहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। बताया जा रहा है कि परिसर चारदीवारी से घिरा नहीं है। इससे पहले भी इसी क्षेत्र से एक बंदी ट्रैक्टर लेकर भागने में सफल हो चुका है, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे।

घटना के बाद जेल प्रशासन ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। वहीं फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। अमरोहा और बिजनौर पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। पुलिस उसकी संभावित लोकेशन और रिश्तेदारों के ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

जेल प्रशासन का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार बंदी की तलाश तेज कर दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta