
सरकारी नल पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी से की शिकायत
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
रामनगर (आंवला, बरेली): विकासखंड रामनगर क्षेत्र के ग्राम शाहपुर मुस्तकिल (पोस्ट–सिरौली) में सरकारी नल पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। गांव के कई ग्रामीणों ने इस संबंध में खंड विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में जनहित के लिए पूर्व प्रधान रामनाथ पांडे द्वारा अपने कार्यकाल में एक सरकारी नल लगवाया गया था, जिसका उपयोग पूरे गांव के लोग करते थे। आरोप है कि गांव के ही निवासी राम किशोर पांडे (पुत्र बसपति पांडे) ने इस नल पर कब्जा कर लिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने नल में मोटर डालकर उसे अपने घरेलू उपयोग के लिए जोड़ लिया है। इतना ही नहीं, ग्रामीणों का कहना है कि नल की पाइपलाइन को अंदर से अपने घर की ओर मोड़ दिया गया है, जिससे अन्य लोगों के लिए नल का उपयोग करना लगभग असंभव हो गया है।
इस मामले को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल है और आमजन को पानी जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द जांच कराकर नल को पुनः सार्वजनिक उपयोग के लिए मुक्त कराया जाए।
इस संबंध में सुनील पांडे, गोविंद पांडे, विजय पांडे, राकेश, लक्ष्मण और मदन कश्यप BJP बूथ अध्यक्ष देवकीनंदन सहित कई ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर प्रार्थना पत्र सौंपा है और उचित कार्रवाई की मांग की है।