
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की पहल पर मृत गाय का शव हटाया गया, नगर पंचायत की कथित लापरवाही पर जांच की मांग
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
सिरौली, 3 जून 2026। नगर पंचायत सिरौली कार्यालय से लगभग 25 मीटर की दूरी पर स्थित नगर पंचायत की भूमि पर एक बीमार गाय करीब 24 घंटे तक पड़ी रही। स्थानीय लोगों के अनुसार गाय की हालत गंभीर होने के बावजूद उसके उपचार की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई।
आरोप है कि नगर पंचायत के कर्मचारी एवं जिम्मेदार अधिकारी मामले से अवगत थे, फिर भी न तो पशु चिकित्सक को बुलाया गया और न ही गाय को उपचार हेतु किसी पशु चिकित्सालय पहुंचाया गया। उपचार के अभाव में गाय की मृत्यु हो गई।
स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि जिस स्थान पर गाय पड़ी थी, वहां नियमित रूप से कूड़ा डाला जाता है तथा गाय की मृत्यु के बाद उसके शव को कूड़े के बीच दबाने का प्रयास किया जा रहा था। सूचना मिलने पर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता तथा सामाजिक कार्यकर्ता पवन शर्मा मौके पर पहुंचे और मामले को उठाया। इसके बाद लगभग 8 घंटे बाद मृत गाय के शव को वहां से हटाया गया।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि इस पूरे प्रकरण में नगर पंचायत के जमादार रोहतास, रामकिशन एवं विजय की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए, क्योंकि उन्हें स्थिति की जानकारी होने के बावजूद समय पर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई।
अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।