
महंगाई और महिला अपराधों पर सपा की हुंकार, महानगर उपाध्यक्ष समयून खान ने राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। समाजवादी पार्टी की महानगर उपाध्यक्ष समयून खान ने देश में बढ़ती महंगाई और उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रहे महिला अपराधों को लेकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को राहत देने में नाकाम साबित हो रही है, जबकि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावे जमीनी स्तर पर खोखले नजर आ रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू व कमर्शियल गैस सिलेंडरों की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी, मजदूर, छोटे व्यापारियों और मध्यम वर्ग की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर दिया है। बढ़ती महंगाई के कारण परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई प्रभावी कदम उठाती दिखाई नहीं दे रही।
समयून खान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध चिंताजनक गति से बढ़ रहे हैं। सरकार महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन आए दिन सामने आ रही घटनाएं इन दावों की सच्चाई उजागर कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है, जबकि महंगाई और कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर विषयों पर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के बढ़े हुए दाम तत्काल वापस लेने, कमर्शियल गैस सिलेंडर सस्ता करने तथा महिला अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाने की मांग की गई। समयून खान ने कहा कि जनता अब वादों और विज्ञापनों से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले परिणामों से सरकार का आकलन करेगी।