
कलयुगी पिता की क्रूरता: विकलांग मासूम की गला दबाकर हत्या, शव तालाब किनारे दफन
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
सिरौली। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक पिता पर अपने ही 9 वर्षीय विकलांग बेटे की हत्या कर शव को तालाब किनारे गड्ढे में दफनाने का आरोप लगा है। पुलिस ने शनिवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना 3 मई 2026 की बताई जा रही है। आरोपी अनिल का 9 वर्षीय पुत्र कन्हैया जन्म से ही पूर्णतः विकलांग था। मृतक की माँ संध्या का आरोप है कि पति अनिल अक्सर बेटे की विकलांगता को लेकर नाराज रहता था। आरोप है कि इसी बात से परेशान होकर उसने कन्हैया का गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गांव के पास तालाब किनारे गड्ढा खोदकर दबा दिया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के छोटे भाई-बहनों ने पुलिस को पूरी घटना बताई। कन्हैया के 4 वर्षीय भाई अनमोल और 6 वर्षीय बहन वंदना ने पुलिस के सामने बयान देते हुए कहा कि उन्होंने अपने पिता को कन्हैया का गला दबाते देखा था। बच्चों की इस चश्मदीद गवाही के बाद पुलिस का शक गहराया और जांच तेज कर दी गई।
शनिवार 9 मई 2026 को नायब तहसीलदार दीपक कुमार, थाना प्रभारी विनोद सिंह और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर खुदाई कराई गई। काफी मशक्कत के बाद गड्ढे से कन्हैया का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया।
थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि मृतक की माँ संध्या की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पिता अनिल को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी का कहना है कि बच्चे की मौत बीमारी के कारण हुई थी, लेकिन माँ के आरोप और बच्चों के बयान हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा और उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण इस बात से स्तब्ध हैं कि एक पिता अपनी ही संतान के साथ इतनी निर्दयता कैसे कर सकता है। फिलहाल सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई