
सिरौली नगर में खाटू श्याम बाबा की मूर्ति स्थापना, श्याम भक्तों ने निकाली भव्य निशान यात्रा
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
सिरौली (बरेली)। नगर में बहुप्रतीक्षित खाटू श्याम की मूर्ति स्थापना समारोह श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्याम भक्तों ने नगर में भव्य निशान यात्रा निकालकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
भारी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच मोहल्ला साहूकारा स्थित प्राचीन रामलीला नौदेवी धाम से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में सबसे आगे ढोल-नगाड़े और बैंड-बाजे चल रहे थे। बीच में सुसज्जित रथ पर खाटू श्याम बाबा की मनोहारी झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही। इसके पीछे हाथों में पावन निशान लिए सैकड़ों श्याम भक्त बाबा के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
नगरवासियों ने यात्रा का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, पटाखे छोड़कर तथा बाबा की आरती उतारकर भव्य स्वागत किया। पूरा नगर “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयघोष से गूंज उठा। नगर भ्रमण के बाद निशान यात्रा पुनः रामलीला धाम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
खाटू श्याम बाबा की मूर्ति स्थापना नगर के समाजसेवी अशोक गुप्ता द्वारा कराई गई। विख्यात कथावाचक पंडित विवेक शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न कराई। इस धार्मिक अनुष्ठान के यजमान अशोक गुप्ता सपत्नीक रहे।
पूरे दिन मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, आरती एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अतुल गुप्ता, रामप्रकाश रस्तोगी, यशु गुप्ता, सतीश (मामा), शोभित, वरुण रस्तोगी संजू गुप्ता रामबाबू गुप्ता सुमित गुप्ता अर्पित गुप्ता, सौरभ सुलभ गुप्ता जगतपाल प्रजापति सहित अनेक श्याम भक्तों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
