
सिरौली में दर्दनाक सड़क हादसा: आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, तीन गंभीर घायल
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
बरेली (सिरौली)। शाहबाद–सिरौली मार्ग पर सहारा हॉस्पिटल के समीप बुधवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिरौली के मोहल्ला गढ़ी निवासी किशन पाल अपनी पत्नी के साथ बाइक से सिरौली से चौराहे की ओर जा रहे थे। तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशन पाल के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी के सिर और पैर में गहरी चोट लगने से उनकी हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।
वहीं दूसरी बाइक पर सवार लेखराज पुत्र रामप्रसाद, निवासी शेखुपुरा, जो सिरौली से अपने गांव लौट रहे थे, इस हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सिरौली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। एसआई अर्जीत कुमार, हेड कांस्टेबल देशराज व कांस्टेबल निशांत चौधरी ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी घायलों को तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां डॉक्टर उपलब्ध न होने के कारण एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को ब्लॉक रामनगर स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इसी स्थान पर हादसे से महज 10–15 मिनट पहले एक अन्य बाइक सवार आवारा सांड से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे भी उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों की मांग:
सड़क पर आवारा पशुओं पर नियंत्रण
तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई
खतरनाक मोड़ों पर चेतावनी संकेत