
पालतू कुत्ते संग मौत का फैसला! युवक ने सल्फास खाकर दी जान, कमरे में मिला दर्दनाक मंजर
छाछ में मिलाया जहर, पहले कुत्ते को पिलाया फिर खुद निगला ज़हर—इज्जतनगर में सनसनी
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां किराए के कमरे में रह रहे एक युवक ने सल्फास खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। हैरानी की बात यह है कि उसने अपने पालतू कुत्ते को भी जहर देकर मार डाला। बंद कमरे में दोनों के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 33 वर्षीय निखिल अरोरा के रूप में हुई है, जो डेलापीर इलाके में किराए के मकान में रहता था। परिजनों के मुताबिक वह रोज उनके घर खाना खाने आता था, लेकिन निर्धारित समय पर न पहुंचने और फोन कॉल का जवाब न देने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।
परिजन जब उसके कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां युवक मृत अवस्था में पड़ा था। पास में ही उसका पालतू कुत्ता भी मृत मिला।
छाछ में जहर मिलाने की आशंका
जांच के दौरान कमरे से छाछ के पैकेट और सल्फास की खाली डिब्बी बरामद हुई है। प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक ने छाछ में जहर मिलाकर पहले कुत्ते को पिलाया और फिर खुद उसका सेवन कर लिया।
कुत्ते से गहरा लगाव बना वजह?
पड़ोसियों के अनुसार युवक अपने पालतू कुत्ते से बेहद लगाव रखता था। माना जा रहा है कि उसने अपनी मौत के बाद कुत्ते के भविष्य को लेकर चिंता के चलते यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस इस पहलू समेत अन्य संभावित कारणों की भी गहन जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।