
बाबा साहेब को श्रद्धांजलि, समानता और अधिकारों का संदेश—कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
सिरौली/बरेली। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पावन अवसर पर बरेली जनपद के सिरौली नगर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री धर्मपाल सिंह ने सभी क्षेत्रवासियों को अंबेडकर जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और मानवाधिकारों के सशक्त प्रतीक थे। उनके द्वारा बनाया गया संविधान आज भी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने अपना पूरा जीवन शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके विचार हमें एक सशक्त, समरस और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा, पूर्व जिला मंत्री अतुल गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष राम प्रकाश रस्तोगी, प्रदीप गुप्ता, रवि गुप्ता, पवन शर्मा, संदीप गौड़, संजय पांडे, विकास सिंह, सभासद अकरम अली, सभासद शेखू खान, विजय सभासद एवं सभासद सत्यपाल नेताजी सहित सिरौली नगर के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में नगर के सभी सम्मानित नागरिकों एवं सभासदों की सक्रिय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।