
सिरौली थाना में पुलिस-मीडिया संवाद बैठक आयोजित, अपराध नियंत्रण को लेकर साझा पहल पर जोर
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
सिरौली/रामनगर (बरेली)। थाना सिरौली परिसर में सोमवार को पुलिस और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच संवाद व समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में किया गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक पत्रकारों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए कहा कि पुलिस और मीडिया दोनों का उद्देश्य एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
थाना प्रभारी ने क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गैर-कानूनी गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के समापन पर थाना प्रभारी ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए उनका सम्मान किया और मिठाई खिलाकर आत्मीयता प्रकट की। इस दौरान पुलिस और मीडिया के बीच आपसी तालमेल और विश्वास को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
उपस्थित लोगों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में हर संभव सहयोग देने का भरोसा जताया। इसे सिरौली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर विवेक गुप्ता पुष्पेंद्र गौड़, संजीव गुप्ता, आकाश गुप्ता, आशीष तिवारी, आशीष शर्मा, परशुराम वर्मा, राजेश यादव, कुनाल आर्य, अनिकेत, रिंकू शर्मा, रमेश वर्मा, रजत चौहान, गोपाल सिंह, रोहित वर्मा, कमल वर्मा, रिंकू एवं रामू कठेरिया सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।