बरेली की खोया मंडी पर छापा: मिलावटखोरों पर प्रशासन का शिकंजा, पांच नमूने जब्त

Spread the love

 

बरेली की खोया मंडी पर छापा: मिलावटखोरों पर प्रशासन का शिकंजा, पांच नमूने जब्त

डीएम के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, पनीर-खोया की सैंपलिंग से हड़कंप

जनपद में मिलावटी मावा-पनीर पर वार, जांच के लिए झांसी भेजे गए नमूने

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली ! जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने शनिवार को मिलावटी और अधोमानक पनीर व खोया की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में टीम ने कुतुबखाना स्थित खोया मंडी में औचक निरीक्षण किया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने कई दुकानों पर पहुंचकर खोया और पनीर की गुणवत्ता की जांच की और नमूने एकत्र किए। विभाग की टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश, तेज बहादुर सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह और इंद्रजीत सिंह शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान रौनक ट्रेडर्स से खोया और पनीर, भगवान दास खोया सेंटर से खोया, अफसर आलम नामक विक्रेता से खोया तथा यूनुस अली के प्रतिष्ठान से भी खोया का नमूना लिया गया। कुल पांच नमूने एकत्र किए गए, जिनमें चार खोया और एक पनीर का नमूना शामिल है।

सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला झांसी भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई से मंडी में हड़कंप की स्थिति रही और कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर गिरा लिए। प्रशासन ने साफ किया है कि मिलावटखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta