
टीसी को लेकर शाहबाद के निजी कॉलेज में बवाल, भीम आर्मी के पहुंचते ही बढ़ा तनाव
प्रशासन की सख्ती और समझाइश से थमा विवाद, कॉलेज प्रबंधन ने मांगी माफी
रिपोर्ट : विनोद गुप्ता
शाहबाद (रामपुर)। नगर के एक चर्चित निजी कॉलेज में ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) को लेकर शुक्रवार को विवाद खड़ा हो गया। मामला उस समय तूल पकड़ गया जब एक छात्र ने कॉलेज प्रबंधन पर टीसी देने से इनकार करने का आरोप लगाते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
जानकारी के अनुसार, छात्र कपिल टीसी लेने कॉलेज पहुंचा था। आरोप है कि कॉलेज स्टाफ ने तत्काल टीसी देने में असमर्थता जताई, जिस पर छात्र ने नाराजगी जाहिर की। इसके बाद उसने भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को सूचना दे दी। मामला बढ़ते ही संगठन से जुड़े लोग कॉलेज के बाहर एकत्र होने लगे और प्रदर्शन की तैयारी शुरू हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर तहसीलदार अमित कुमार, सीओ देवकीनंदन और कोतवाल प्रदीप कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल को शांत कराने का प्रयास किया।
बताया जाता है कि प्रशासन की मौजूदगी में कॉलेज प्रबंधन ने खेद जताया, जिसके बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन का कार्यक्रम स्थगित कर दिया और मामला शांत हो गया।
इस संबंध में कॉलेज के प्रधानाचार्य भुवनेश कुमार ने बताया कि संबंधित कर्मचारी उस समय आवश्यक कार्य में व्यस्त थे और छात्र को कुछ समय बाद टीसी लेने के लिए कहा गया था। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र द्वारा वीडियो बनाना कॉलेज के नियमों के विपरीत था। हालांकि, बाद में आपसी सहमति से विवाद को समाप्त कर लिया गया।