
खुले नाले में बाइक समेत गिरा युवक, लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
सैटेलाइट नाला हादसे की याद ताजा, शहर में फिर उठी सुरक्षा की मांग
सुभाषनगर में लापरवाही भारी: खुले नाले ने ली बाइक सवार की जान पर बन आयी
आधे घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया युवक, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। राजीव कॉलोनी और तिलक कॉलोनी के बीच सड़क किनारे बने खुले नाले में एक युवक बाइक समेत गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क के किनारे नाला बिना ढका हुआ था। इसी दौरान बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नाले में जा गिरा। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कुछ ही देर में मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद लोगों ने उसकी बाइक को भी नाले से बाहर निकाला। गनीमत रही कि युवक को गंभीर चोट नहीं आई।
इस घटना ने एक बार फिर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई स्थानों पर नाले खुले पड़े हैं, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द नालों को ढकवाने की मांग की है।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद शहर में पहले हुए सैटेलाइट नाला हादसे की यादें भी ताजा हो गई हैं, जिससे लोग दहशत में हैं।