
इस बड़े शहर में में हुआ किडनी कांड का खुलासा: 60 लाख में सौदा, किडनी डोनर को सिर्फ 9 लाख! चिकित्सा जगत में मचा हड़कंप
डॉक्टर दंपति और दलालों का खेल बेनकाब, STF-विजिलेंस की छापेमारी से हुआ सनसनी खेज खुलासा
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
कानपुर। शहर में अवैध किडनी कारोबार के एक बड़े सिंडिकेट का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए एसटीएफ, विजिलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कई निजी अस्पतालों में छापेमारी की, जिससे चिकित्सा जगत में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के मुताबिक, आहूजा, मेड लाइफ और प्रिया हॉस्पिटल इस पूरे खेल के केंद्र में बताए जा रहे हैं। यहां कथित तौर पर जरूरतमंद मरीजों को किडनी ट्रांसप्लांट के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी। चौंकाने वाली बात यह है कि जहां एक किडनी का सौदा करीब 60 लाख रुपये में होता था, वहीं डोनर को महज 9 लाख रुपये देकर पूरे खेल को अंजाम दिया जाता था।
बताया जा रहा है कि इस रैकेट में डॉक्टर दंपति समेत कई दलाल सक्रिय थे, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह भी सामने आया है कि कुछ डॉक्टर लखनऊ से कानपुर आकर सर्जरी को अंजाम देते थे, ताकि स्थानीय स्तर पर शक कम हो।
जांच एजेंसियों को इस सिंडिकेट के तार उत्तराखंड और मेरठ से भी जुड़े होने के संकेत मिले हैं, जिससे यह मामला और भी बड़ा रूप ले सकता है। फिलहाल एसटीएफ, सीएमओ और विजिलेंस की टीमें पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हैं।
सूत्रों का दावा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है। शहर में इस कार्रवाई के बाद निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
