
12 अप्रैल के सामूहिक विवाह को लेकर समाज में जोश, तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे पदाधिकारी
सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा देगा सामूहिक आयोजन, जरूरतमंद परिवारों को मिलेगा सहारा
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। आगामी 12 अप्रैल को प्रस्तावित सामूहिक विवाह समारोह को सफल बनाने के लिए समाज के लोगों ने एकजुट होकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को ब्रह्मपुरा स्थित कुर्मी क्षत्रिय छात्रावास में समाज के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों पर विस्तार से मंथन किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में सहयोग और सादगी की भावना को मजबूत करते हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अपने बच्चों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराने में बड़ी राहत मिलती है। उन्होंने इसे सामाजिक एकता का सशक्त माध्यम भी बताया।
बैठक में आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अलग-अलग समितियां गठित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपने पर सहमति बनी। बारात स्वागत, भोजन व्यवस्था, पंडाल, पंजीकरण और अतिथि सत्कार समेत सभी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
पदाधिकारियों ने समाज के लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक सहयोग करें और इस आयोजन की जानकारी जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सामूहिक प्रयास से यह आयोजन यादगार और सफल बनेगा।
बैठक में अध्यक्ष के.पी. सेन गंगवार, उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह गंगवार, रामऔतार गंगवार, मूलचंद गंगवार, मीडिया प्रभारी देश दीपक गंगवार, युधिष्ठर प्रसाद गंगवार, खेमेन्द्र पाल सिंह, भद्र पाल गंगवार, तेज पाल गंगवार सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।


