बरेली में टेक्नोलॉजी का महाकुंभ: एसआरएमएस सीईटी में 2 अप्रैल से हैकाथॉन 4.0

Spread the love

बरेली में टेक्नोलॉजी का महाकुंभ: एसआरएमएस सीईटी में 2 अप्रैल से हैकाथॉन 4.0

देशभर के युवा नवाचारियों का जुटान, 60 टीमें दिखाएंगी तकनीकी दमखम

SDGs पर टेक सॉल्यूशन: हैकाथॉन 4.0 में एक लाख तक का इनाम

छह राज्यों के 205 प्रतिभागी बरेली में रचेंगे इनोवेशन की नई कहानी

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। तकनीकी नवाचार और युवा प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एसआरएमएस सीईटी) में तीन दिवसीय हैकाथॉन 4.0 का आयोजन 2 से 4 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। इस बार का आयोजन “Innovate for Impact: Tech Solutions for Advancing SDGs” थीम पर आधारित है।

कॉलेज के प्रिंसिपल एवं इवेंट डायरेक्टर डा. प्रभाकर गुप्ता ने बताया कि हैकाथॉन का उद्देश्य देशभर के युवा नवाचारकर्ताओं, तकनीकी विशेषज्ञों और समस्या समाधानकर्ताओं को एक मंच प्रदान करना है, जहां वे संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के अनुरूप तकनीकी समाधान विकसित कर सकें।

उन्होंने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में तमिलनाडु, हैदराबाद, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर से चयनित 60 टीमें भाग लेंगी, जिनमें कुल 205 प्रतिभागी शामिल हैं। इनमें 130 छात्र और 75 छात्राएं हैं, जो अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

देशभर से मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स

हैकाथॉन 4.0 के लिए देशभर के विभिन्न इंजीनियरिंग कॉलेजों से 123 नवाचारी आइडिया प्राप्त हुए थे। विशेषज्ञों द्वारा मूल्यांकन के बाद 96 आइडिया को शॉर्टलिस्ट किया गया, जिनमें से 60 टीमें अंतिम चरण के लिए चुनी गईं।

तीन दिन चलेगा इनोवेशन का संग्राम

दो अप्रैल को सुबह 11:30 बजे से हैकाथॉन की औपचारिक शुरुआत होगी। प्रतिभागी तीन दिनों तक अपने आइडिया को प्रोटोटाइप और मॉडल में बदलने के लिए काम करेंगे। इस दौरान उन्हें उद्योग विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और नवप्रवर्तकों का मार्गदर्शन मिलेगा।

एक लाख तक का इनाम जीतने का मौका

प्रतियोगिता के विजेताओं को एक लाख रुपये तक का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा प्रतिभागियों को तकनीकी कार्यशालाएं, मूल्यांकन सत्र और अन्य आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

अंतिम दिन होगा परिणाम और सम्मान

हैकाथॉन के अंतिम दिन 4 अप्रैल को शाम 3:30 बजे विजेताओं की घोषणा के साथ पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta