
प्रेम प्रसंग से आहत युवक ने उठाया खौफनाक कदम, सोशल मीडिया अलर्ट बना जीवनरक्षक
इंस्टाग्राम पर ‘आखिरी दिन’ लिखकर जहर पीने चला युवक, 15 मिनट में पहुंची पुलिस ने बचाई जान
ब्लेड से हाथ काटा, कीटनाशक पिया… समय रहते पहुंची पुलिस, टला बड़ा हादसा
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली (आंवला)। आंवला थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। प्रेम प्रसंग में आहत युवक ने इंस्टाग्राम पर ‘आज मेरा आखिरी दिन है’ लिखकर वीडियो पोस्ट किया और इसके बाद जहर पी लिया। इतना ही नहीं, उसने अपने हाथ पर ब्लेड से कट भी लगा लिए। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई।
पुलिस के अनुसार, युवक की ओर से सोशल मीडिया पर डाली गई चेतावनी भरी पोस्ट के बाद मुख्यालय स्तर से तुरंत अलर्ट जारी हुआ। मेटा अलर्ट के जरिए लोकेशन ट्रेस कर आंवला पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना देर किए मौके के लिए रवाना हो गई।
जब पुलिस युवक के घर पहुंची तो परिजनों से जानकारी लेकर उसके कमरे तक पहुंची। वहां युवक गंभीर हालत में पड़ा मिला। उसके हाथ पर कट के निशान थे और पास ही कीटनाशक दवा की बोतल पड़ी थी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने बिना समय गंवाए उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई गई।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता था, लेकिन युवती द्वारा बात बंद कर देने से वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। इसी तनाव में आकर उसने यह कदम उठा लिया।
घटना के बाद पुलिस ने युवक की काउंसलिंग भी कराई और उसे समझाया। युवक ने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया है। परिजनों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और त्वरित प्रतिक्रिया के चलते युवक की जान बचाई जा सकी!
![]()