
सिरौली में संदिग्ध हालात में बैठा युवक हुआ गिरफ्तार, पुलिस ने 315 बोर तमंचा व जिंदा कारतूस किया बरामद
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता, सिरौली
बरेली। सिरौली थाना पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी संदिग्ध हालत में कच्चे रास्ते पर बैठा मिला, जिसके पास से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, 23 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे उपनिरीक्षक कृपाल सिंह अपनी टीम के साथ कस्बा सिरौली क्षेत्र में शांति व्यवस्था व संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि निगुण शाह मजार के आगे एक युवक अवैध हथियार के साथ बैठा है और किसी घटना को अंजाम दे सकता है।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कासिम पुत्र आसिम, निवासी मोहल्ला गढ़ी, कस्बा व थाना सिरौली, उम्र 28 वर्ष बताया। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी सुरक्षा के लिए तमंचा रखता था और अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी।
अपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी गोवध अधिनियम और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।