
युवाओं को स्वरोजगार का बड़ा मौका: 25 मार्च तक लोन लक्ष्य पूरा करें बैंक, मंत्री राकेश सचान का अल्टीमेटम
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान शनिवार को बरेली पहुंचे, जहां उन्होंने आगरा, अलीगढ़ और बरेली मंडल के अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एमएसएमई योजनाओं के तहत ऋण वितरण का लक्ष्य हर हाल में समय पर पूरा किया जाए।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को स्वरोजगार के लिए पूरी तरह से सहयोग दे रही है। सरकार की ओर से 100 प्रतिशत गारंटी और ब्याज सहायता के साथ ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, ऐसे में बैंकर्स को भी पूरी संवेदनशीलता के साथ लोन स्वीकृति में तेजी लानी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को 25 मार्च तक लक्ष्य पूरा करने का सख्त निर्देश देते हुए मेगा लोन कैंप आयोजित करने को कहा। मंत्री ने दो टूक कहा कि सरकार के पास योजनाओं के लिए पर्याप्त बजट है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने खाड़ी देशों में चल रहे तनाव के बीच गैस संकट की आशंकाओं को भी खारिज किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
वहीं, सपा प्रमुख के मथुरा संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश अपराध का गढ़ माना जाता था, जबकि अब अपराध में करीब 60 प्रतिशत तक कमी आई है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में भी प्रदेश में भाजपा की सरकार ही बनेगी।