
हाईटेंशन तार बस पर गिरा, लगी भीषण आग; बस में सो रहा हेल्पर झुलसा, बड़ा हादसा टला
तेज हवा से टूटा बिजली का तार, स्थानीय लोगों की सतर्कता से समय रहते बंद हुई सप्लाई
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। बहेड़ी में रविवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज हवा के चलते हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर रोडवेज बस पर गिर गया। तार गिरते ही बस में अचानक आग लग गई। उस समय बस के अंदर सो रहा हेल्पर करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना पीलीभीत-बहेड़ी मार्ग पर स्थित रोडवेज बस अड्डे के पास की है। बताया जाता है कि बस संख्या UP 26 T 9897 खड़ी थी। इसी दौरान तेज हवा के कारण ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर बस पर आ गिरा। तार गिरते ही तेज चिंगारियां उठीं और बस में आग लग गई।
बस के अंदर सो रहा हेल्पर अन्नू, निवासी मधोटांडा (जिला पीलीभीत) करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। आग लगते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पास की चाय की दुकान के संचालक ने तत्परता दिखाते हुए बिजली निगम को सूचना दी, जिसके बाद तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। साथ ही दमकल विभाग और पुलिस को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस का बड़ा हिस्सा जल चुका था।
घायल हेल्पर को स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद नहीं कराई जाती तो आसपास खड़ी अन्य बसें और दुकानों तक आग फैल सकती थी। घटना के बाद काफी देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने आग को फैलने से रोकते हुए आसपास की संपत्ति को सुरक्षित रखा और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।