बीडीए का बुलडोजर चला, 7000 वर्गमीटर में बस रही अवैध कॉलोनी ध्वस्त, देखें वीडिओ….

Spread the love

 

बीडीए का बुलडोजर चला, 7000 वर्गमीटर में बस रही अवैध कॉलोनी ध्वस्त, देखें वीडिओ…

बिना नक्शा पास काटे जा रहे थे प्लॉट, फतेहगंज पश्चिमी में सड़क-बाउंड्री पर चला बुलडोजर

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। होली का त्योहार खत्म होते ही बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान फिर तेज कर दिया है। शनिवार को प्रवर्तन टीम ने फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में करीब 7000 वर्गमीटर भूमि पर बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर सड़क और बाउंड्रीवाल समेत निर्माण ध्वस्त कर दिया।

प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. ए. मणिकंडन के मुताबिक थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के ग्राम ठिरिया खेतल में शेखावत नामक व्यक्ति द्वारा प्राधिकरण की स्वीकृति के बिना कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां जमीन पर भूखंडों का चिन्हांकन कर प्लॉट बेचे जाने की तैयारी चल रही थी। साथ ही कॉलोनी के भीतर सड़क और बाउंड्रीवाल का निर्माण भी कराया जा रहा था।

शिकायत मिलने के बाद बीडीए की टीम ने मौके पर जांच की, जिसमें निर्माण कार्य अवैध पाया गया। इसके बाद सहायक अभियंता धर्मवीर सिंह, अवर अभियंता संदीप कुमार और प्रवर्तन टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और निर्माण कार्य पूरी तरह रुक गया।

बीडीए उपाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र के बिना किसी भी तरह की प्लॉटिंग या निर्माण अवैध माना जाएगा। ऐसे मामलों में ध्वस्तीकरण के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कॉलोनी या प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी प्राधिकरण से स्वीकृति अवश्य जांच लें। बिना अनुमति विकसित कॉलोनियों में निवेश करने पर भविष्य में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। बीडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta