
श्मशान का रास्ता बंद, किसानों का फूटा गुस्सा: भाकियू (चढूनी) ने शुरू की भूख हड़ताल
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के गांव मुड़िया अहमदनगर में श्मशान भूमि का रास्ता बंद किए जाने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के पदाधिकारी और ग्रामीणों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। जिला अध्यक्ष केशव सिंह सोलंकी के नेतृत्व में किसान और गांव के लोग सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में धरने पर बैठ गए।
जिला अध्यक्ष केशव सिंह सोलंकी ने बताया कि गांव में श्मशान भूमि तक जाने वाले पुराने रास्ते पर कुछ लोगों ने अवैध निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया है, जिससे श्मशान तक पहुंचने का मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। इसके चलते ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर पहले जिला अधिकारी को ज्ञापन देकर रास्ता खुलवाने की मांग की गई थी। उस समय प्रशासन की ओर से आश्वासन भी मिला था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की इसी उदासीनता के विरोध में किसान यूनियन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।
धरना स्थल पर श्याम बिहारी, हेमराज, ओमपाल, सुंदर लाल, सूरज सिंह, अभिलाष, राजवीर, अमित यादव, अमन यादव, आकाश यादव, शोभित यादव, अमित, सूरज सिंह, शिवपाल और राजेश यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।