ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई के निधन पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी की अपील, कहा—अमन बनाए रखें

Spread the love

 

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई के निधन पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी की अपील, कहा—अमन बनाए रखें

बरेली। ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामनेई के निधन की खबर के बाद मुस्लिम समाज में शोक की लहर है। इस संबंध में ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने प्रेस को जारी बयान में गहरा दुख व्यक्त किया है।

मौलाना ने कहा कि खामनेई का निधन केवल ईरान ही नहीं, बल्कि पूरी मुस्लिम दुनिया के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके अनुसार, खामनेई लंबे समय से वैश्विक राजनीति में एक प्रभावशाली धार्मिक और राजनीतिक नेतृत्व के रूप में सक्रिय रहे। उनकी कमी को आसानी से पूरा नहीं किया जा सकेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजरायल लंबे समय से ईरान पर दबाव की नीति अपनाए हुए थे। मौलाना ने कहा कि हालिया घटनाक्रम ने अंतरराष्ट्रीय हालात को और गंभीर बना दिया है, जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ने की आशंका है। उनका कहना था कि मौजूदा परिस्थितियों में पश्चिम एशिया में संघर्ष की स्थिति और गहरा सकती है।

मौलाना रजवी ने भारत सरकार से अपील की कि ईरान और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्वदेश लाने की व्यवस्था की जाए।

साथ ही उन्होंने देश में विरोध-प्रदर्शन करने वालों से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का एहतजाज पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से किया जाए और कानून-व्यवस्था का पालन किया जाए। जुलूस या प्रदर्शन के दौरान कोई भी व्यक्ति कानून को हाथ में न ले, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

मौलाना ने कहा कि मौजूदा हालात में धैर्य, शांति और समझदारी की सबसे अधिक आवश्यकता है, ताकि देश और समाज में सौहार्द बना रहे।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta