शंकराचार्य प्रकरण की निष्पक्ष जांच को लेकर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

 

शंकराचार्य प्रकरण की निष्पक्ष जांच को लेकर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। जगतगुरु स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े विवादित प्रकरण में पारदर्शी और न्यायिक निगरानी में जांच की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला एवं महानगर इकाई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कचहरी परिसर स्थित चौधरी चरण सिंह पार्क में एकत्रित हुए। वहां से शांतिपूर्ण मार्च निकालते हुए वे जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि यह मामला देशभर के श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ा है। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यदि किसी प्रकार के आरोप लगाए गए हैं तो उनकी जांच पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और न्यायिक पर्यवेक्षण में होनी चाहिए। किसी भी तरह की राजनीतिक भावना से प्रेरित कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा ने कहा कि यह केवल एक धार्मिक व्यक्तित्व का विषय नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का प्रश्न है। उन्होंने मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके और जनता का विश्वास बना रहे।

पार्टी प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाने से बच रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित नहीं की गई तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी।

पूर्व पार्षद महेश पंडित ने कहा कि सत्तापक्ष के नेताओं की चुप्पी कई तरह के संदेह पैदा करती है। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और सामाजिक सद्भाव के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

इस प्रदर्शन में पंडित राज शर्मा, महेश पंडित, देवेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, पंकज उपाध्याय, अमन सक्सेना, मोबिन अंसारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta