होली से पहले FSDA का शिकंजा, किप्स और दीनानाथ समेत कई दुकानों से सैंपलिंग

Spread the love

 

होली से पहले FSDA का शिकंजा, किप्स और दीनानाथ समेत कई दुकानों से सैंपलिंग

मिलावट पर वार: बेसन से घी-पनीर तक भरे नमूने, रिपोर्ट के बाद होगी सख्त कार्रवाई

त्योहार में जहर घोलने वालों पर नजर, शहर में ताबड़तोड़ छापेमारी

खाद्य विभाग की चेतावनी—नियम मानो तो सम्मान, मिलावट करो तो कार्रवाई तय

त्योहार पर मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा अभियान, कई प्रतिष्ठानों पर दबिश

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। होली के रंगों में किसी तरह की मिलावट न घुले, इसके लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) ने शहर में सख्त अभियान छेड़ दिया है। रविवार सुबह से अलग-अलग इलाकों में टीमों ने छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। कार्रवाई की आहट मिलते ही बाजार में खलबली मच गई और कई दुकानदार सतर्क हो गए।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में गठित टीम ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार के नाम पर मिलावट किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

बेसन, घी, पनीर और दही तक की जांच

अभियान के तहत सीबीगंज क्षेत्र के बंडिया स्थित एक किराना स्टोर से बेसन का नमूना लिया गया। सिविल लाइंस के चर्चित प्रतिष्ठान किप्स स्वीट्स से लड्डू की सैंपलिंग की गई। भोजीपुरा क्षेत्र में अमूल प्योर घी का नमूना भरा गया। स्टेशन रोड स्थित गुप्ता डेयरी प्रोडक्ट से पनीर और नवल्टी चौराहे पर दीनानाथ एंड सन्स से दही का नमूना जांच के लिए लिया गया।

टीम की मौजूदगी से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई दुकानदारों ने तत्काल अपने स्टॉक की जांच शुरू कर दी, जबकि ग्राहकों के बीच भी कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही।

जागरूकता के साथ पंजीकरण भी

इसी क्रम में जीआईसी ऑडिटोरियम में विभाग ने स्टॉल लगाकर खाद्य कारोबारियों को नियमों और गुणवत्ता मानकों की जानकारी दी। पांच फूड वेंडरों को पंजीकरण प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने दो टूक कहा—जो नियमों का पालन करेगा, उसे सम्मान मिलेगा; मिलावट करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।

निरीक्षण के दौरान मौजूद जिला जज ने भी इस पहल को जनहित में जरूरी बताते हुए अभियान को निरंतर जारी रखने की बात कही।

रिपोर्ट के बाद गिरेगी गाज

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी स्तर पर मिलावट की पुष्टि होती है तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि होली के मौके पर खाद्य पदार्थों की शुद्धता से समझौता करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta