
छत पर आहट सुनकर पहुंचे पति की गोली मारकर हत्या
संदिग्ध परिस्थितियों में वारदात, पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। सुभाष नगर थाना क्षेत्र के प्रगति नगर कॉलोनी में देर रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, प्रगति नगर कॉलोनी निवासी जोगेंद्र देर रात घर की छत पर किसी आहट की आवाज सुनकर देखने गए थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही जोगेंद्र लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद पत्नी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना पर थाना सुभाष नगर पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर हालत में जोगेंद्र को देखने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी, क्षेत्राधिकारी (सीओ) तथा फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पत्नी की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कॉल डिटेल के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा!