
हाईस्कूल परीक्षा देने जा रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत, तीन युवक गंभीर घायल
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। जिले के थाना अलीगंज क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव अंतपुर निवासी आमीन (17) पुत्र शेर मोहम्मद अपने गांव के ही एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से आंवला स्थित चाचा नेहरू इंटर कॉलेज परीक्षा देने जा रहा था। जब वे लोहड़ी पुल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने आमीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी पिंटू समेत दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। तीनों का उपचार एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।