
बदायूं में यूजीसी इक्विटी कानूनों के समर्थन में भीम आर्मी का पैदल मार्च, राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा
रिपोर्ट : सुभाष चौधरी
बिसौली (बदायूं)। भीम आर्मी बदायूं के नेतृत्व में नगरपालिका परिषद बिसौली क्षेत्र में यूजीसी के इक्विटी कानूनों को लागू किए जाने के समर्थन में एक विशाल पैदल मार्च निकाला गया। नगर क्षेत्र में आयोजित इस जागरूकता मार्च के माध्यम से आमजन को यूजीसी के इक्विटी प्रावधानों की जानकारी दी गई और सामाजिक न्याय के पक्ष में आवाज बुलंद की गई।
कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मार्च नगर के मुख्य मार्गों से होता हुआ तहसील परिसर पहुंचा, जहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी बिसौली को सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई कि उच्च शिक्षा संस्थानों में समान अवसर, प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने हेतु यूजीसी के इक्विटी कानूनों को प्रभावी रूप से लागू किया जाए।
इस अवसर पर भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव एडवोकेट विकास बाबू, मंडल अध्यक्ष सुशील कुमार गौतम, जिला अध्यक्ष तौहीद अली, मंडल उपाध्यक्ष रायसिंह सागर, जिला उपाध्यक्ष वीरु भारती, अनमोल सागर, सुमित सागर, नगर अध्यक्ष नीरज कोली सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदेश महासचिव एडवोकेट विकास बाबू ने कहा कि शिक्षा में समान अवसर संविधान की मूल भावना है और जब तक वंचित वर्गों को न्यायपूर्ण प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा, तब तक सामाजिक समानता अधूरी रहेगी। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी।