800-900 रुपये में महीने भर अब बरेली शहर मे अनलिमिटेड हुआ सफर

Spread the love

 

800-900 रुपये में महीने भर अब बरेली शहर मे अनलिमिटेड हुआ सफर

मार्च से बरेली सिटी बसों में डिजिटल एम-पास की शुरुआत

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। शहर का सार्वजनिक परिवहन तंत्र अब डिजिटल दिशा में कदम बढ़ाने जा रहा है। मार्च 2026 से बरेली सिटी बस सेवा में ऑनलाइन एम-पास (मासिक पास) की सुविधा लागू किए जाने की तैयारी है। प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और स्वीकृति मिलते ही व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। नई व्यवस्था के तहत यात्री मात्र 800 से 900 रुपये में पूरे महीने शहर में असीमित यात्रा कर सकेंगे, वह भी बिना काउंटर की लंबी कतारों में लगे।

प्रतिदिन करीब 5 से 6 हजार यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए परिवहन प्रशासन ने पास प्रणाली को मोबाइल ऐप से जोड़ने का निर्णय लिया है। सिटी बस की प्रबंध संचालक मनीषा दीक्षित ने बताया कि डिजिटल एम-पास से नियमित यात्रियों—विशेषकर छात्रों, कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों—को बड़ी राहत मिलेगी।

मोबाइल ऐप से बनेगा पास, क्यूआर कोड से होगा सत्यापन

नई व्यवस्था के तहत “E-City Bus UP Online” मोबाइल ऐप के जरिए आवेदन किया जाएगा। केवाईसी (KYC) अनिवार्य रहेगी। सत्यापन के बाद डिजिटल पास सीधे मोबाइल फोन पर जारी कर दिया जाएगा। बस में चढ़ते समय कंडक्टर ईटीआईएम (ETIM) मशीन से क्यूआर कोड स्कैन कर पास की पुष्टि करेगा। इससे टिकट जांच प्रक्रिया तेज और पारदर्शी होगी।

अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल व्यवस्था लागू होने से नकद लेनदेन में कमी आएगी और राजस्व प्रणाली अधिक पारदर्शी बनेगी। साथ ही फर्जी पास और अनियमितताओं पर भी रोक लगेगी।

ये रहेंगे पास के शुल्क………………

सामान्य 30 दिन का पास – 900 रुपये

छात्र 30 दिन का पास – 800 रुपये

वरिष्ठ नागरिक 30 दिन का पास – 800 रुपये

एक दिन का विशेष पास – 80 रुपये (अधिकतम 10 यात्राएं)

25 ई-बसें दे रहीं सेवा

वर्तमान में शहर में 25 ई-बसें संचालित हैं। सुबह 6:40 बजे से रात 9:40 बजे तक बस सेवा उपलब्ध रहती है। प्रमुख मार्गों, चौराहों और रेलवे स्टेशन सहित सभी महत्वपूर्ण रूट ई-बसों से कवर किए जा रहे हैं।

प्रशासन का मानना है कि गर्मी के मौसम में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में डिजिटल एम-पास व्यवस्था से समय की बचत होगी, प्रक्रिया सरल बनेगी और यात्रियों को बेहतर सफर अनुभव मिलेगा।

फोटो :सिटी बस की प्रबंध संचालिका मनीष दीक्षित 

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta