नौकरी की तलाश में निकली महिला की सड़क हादसे में मौत, टैंकर चालक हुआ फरार

Spread the love

 

नौकरी की तलाश में निकली महिला की सड़क हादसे में मौत, टैंकर चालक हुआ फरार

स्कूटी सवार नर्सिंग डिप्लोमा धारक महिला को तेज रफ्तार टैंकर ने कुचला, परिवार में मचा कोहराम

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। ईसाइयों की पुलिया के पास करीब साढ़े दस बजे तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी वाहन की तलाश में जुटी है।

मृतका की पहचान 30 वर्षीय मीना कुमारी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से आंवला थाना क्षेत्र के गांव कंदरपुर की रहने वाली थीं। उनकी ससुराल अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव महोबा में है। बताया जा रहा है कि वैवाहिक विवाद के चलते वह पिछले करीब 12 वर्षों से पति से अलग रह रही थीं। वर्तमान में वह कैंट थाना क्षेत्र में नकटिया पावर हाउस के पास किराए के मकान में रह रही थीं।

परिजनों के अनुसार पति से विवाद के कारण उन्हें आर्थिक सहयोग नहीं मिल रहा था। मीना कुमारी ने नर्सिंग का कोर्स किया था और अस्पताल में नौकरी की तलाश कर रही थीं। गुरुवार सुबह भी वह इसी सिलसिले में स्कूटी से निकली थीं, तभी रास्ते में हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टैंकर तेज गति से आ रहा था और अचानक स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

थाना पुलिस का कहना है कि अज्ञात टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta