सिंधौली चौराहे पर भीषण हादसा: ट्रक ने कार को मारी टक्कर, चालक फरार

Spread the love

 

सिंधौली चौराहे पर भीषण हादसा: ट्रक ने कार को मारी टक्कर, चालक फरार

दिल्ली से बरेली लौट रहे युवक की कार क्षतिग्रस्त, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। मीरगंज थाना क्षेत्र के सिंधौली चौराहे पर सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने दिल्ली से बरेली आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक पास की एक चीनी मिल में गन्ना डालकर लौट रहा था। इसी दौरान चौराहे के पास उसने सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta