
18 फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं, 17 को कंट्रोल रूम का शुभारंभ
रिपोर्ट : लखनऊ ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक चलेंगी। परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए इस बार भी सख्त निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने जानकारी दी कि नकल पर प्रभावी रोक लगाने और परीक्षा की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य स्तर पर एक विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) के शिविर कार्यालय, 18 पार्क रोड, लखनऊ में बनाया गया है, जहां से परीक्षा अवधि के दौरान ऑनलाइन मॉनिटरिंग और नियमित समीक्षा की जाएगी।
इस राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का उद्घाटन 17 फरवरी 2026 को अपराह्न 3 बजे माध्यमिक शिक्षा विभाग की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी करेंगी।
अधिकारियों के अनुसार, कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी जिलों पर नजर रखी जाएगी। आवश्यक निर्देश समय-समय पर जारी किए जाएंगे और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो सकें।