एएनटीएफ और सुभाषनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 लाख की अफीम के साथ तस्कर दबोचा

Spread the love

 

एएनटीएफ और सुभाषनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 लाख की अफीम के साथ तस्कर दबोच

झारखंड से बरेली और पंजाब तक फैला था अफीम नेटवर्क, 4 किलो माल संग आरोपी तस्कर गिरफ्तार

रामगंगा रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी, मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त युवक गिरफ्तार

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए एएनटीएफ यूनिट और थाना सुभाषनगर पुलिस ने संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चार किलो अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और 3400 रुपये नकद भी मिले हैं।

पुलिस के अनुसार 12 फरवरी 2026 को सूचना मिलने पर मदर्स पब्लिक स्कूल के आगे रामगंगा रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की गई। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसकी पहचान वीरेंद्र (34) पुत्र मूलचंद निवासी ग्राम बरसेर, थाना सिरौली, जनपद बरेली के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से चार किलो अफीम बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लभारी गांव के रहने वाले गुड्डू के साथ मिलकर तस्करी करता था। गुड्डू के झारखंड में संपर्क हैं, जिनके जरिए अफीम मंगाई जाती थी। वीरेंद्र झारखंड से माल लाकर बरेली तक पहुंचाता था, जबकि उसका साथी उसे पंजाब में खपाता था। दोनों आपस में मुनाफा बांट लेते थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना सुभाषनगर में धारा 8/18/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा वर्ष 2024 में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना बिनावर, जनपद बदायूं में मामला दर्ज हो चुका है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

कार्रवाई में थाना सुभाषनगर के निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह, एएनटीएफ के उप निरीक्षक विकास यादव, उप निरीक्षक होराम, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल लख्मी चंद और कांस्टेबल सूरज कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta