एडीजी से मिला सर्राफा व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल, सुरक्षा और स्पष्ट SOP की उठी मांग……..

Spread the love

 

एडीजी से मिला सर्राफा व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल, सुरक्षा और स्पष्ट SOP की उठी मांग……..

सर्राफा कारोबार पर कानून की उलझन! एडीजी से व्यापारियों की बड़ी मांग

सोना-चांदी के बढ़ते दामों के बीच सुरक्षा का मुद्दा गरमाया

पुराने गिरवी विवादों पर गाइडलाइन की मांग, प्रशासन से व्यापारियों की सीधी बात

धारा 317 पर स्पष्ट SOP की दरकार, सर्राफा एसोसिएशन ने उठाई आवाज

शस्त्र लाइसेंस और पारदर्शी जांच की मांग लेकर एडीजी से मिले सर्राफा व्यापारी

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली ! यू पी सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सोमवार को पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारी रमित शर्मा (एडीजी) से मुलाकात कर सर्राफा कारोबार से जुड़ी जमीनी समस्याओं को विस्तार से रखा। प्रतिनिधिमंडल ने कानून की अस्पष्टताओं, सुरक्षा व्यवस्था और पुराने गिरवी मामलों को लेकर उत्पन्न विवादों पर ठोस दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।

स्पष्ट नियमावली की मांग……………

महानगर अध्यक्ष संजीव अग्रवाल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में मंडल अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा ने बताया कि आईपीसी की पूर्व धारा 411 (वर्तमान में बीएनएस की धारा 317) के तहत स्पष्ट प्रक्रिया न होने से कई बार ईमानदार सर्राफा व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से व्यापारियों के हित में स्पष्ट एसओपी (Standard Operating Procedure) जारी करने की मांग की।

जिला स्तरीय समिति गठन का प्रस्ताव……

जिला अध्यक्ष सुशील बंसल ने सुझाव दिया कि ऐसे मामलों के निष्पक्ष निस्तारण के लिए जिला स्तर पर एक संयुक्त समिति बनाई जाए, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ व्यापारियों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए। इससे पारदर्शिता बनी रहेगी और वास्तविक दोषियों पर ही कार्रवाई सुनिश्चित होगी।

बढ़ते दामों के बीच सुरक्षा की चिंता……..

प्रदेश अध्यक्ष अनिल पाटिल ने कहा कि सोना-चांदी के दामों में लगातार वृद्धि के चलते बाजार में नगदी और बहुमूल्य धातुओं का लेन-देन बढ़ गया है। ऐसे में पात्र और सत्यापित व्यापारियों को व्यावसायिक सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस प्रदान किए जाने की मांग की गई, ताकि वे अपने प्रतिष्ठान और स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें।

पुराने गिरवी मामलों पर बढ़ रहा विवाद…….

महानगर अध्यक्ष संजीव अग्रवाल ने यह भी मुद्दा उठाया कि 10 से 15 वर्ष पुराने गिरवी प्रकरणों को लेकर कुछ लोग व्यापारियों को परेशान कर रहे हैं। बढ़ती कीमतों के कारण ऐसे मामलों में व्यापारी और ग्राहकों के बीच तनाव की स्थिति बन रही है। इस पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग रखी गई।

प्रशासन का आश्वासन…….

एडीजी रमित शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित डीआईजी को प्रकरण मार्क करने की बात कही और समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में रहे शामिल

इस दौरान सुशील बंसल, संजीव अग्रवाल, विशाल मेहरोत्रा, अनिल पाटिल, उमेश वर्मा, भूपेश अग्रवाल, असित रस्तोगी, दयाशंकर वर्मा, राहुल रस्तोगी और मनीष अग्रवाल सहित कई सर्राफा व्यापारी उपस्थित रहे।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta