
बरेली नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, श्यामगंज की कई दुकानें सील, मचा हड़कंप
40 लाख का बकाया पड़ा भारी! नगर निगम का श्यामगंज में सीलिंग वार, मचा हड़कंप
टैक्स नहीं तो ताला तय! नंदू नमकीन वाली गली में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र श्यामगंज में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नगर निगम की टीम ने अचानक छापा मारकर कई दुकानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान नंदू नमकीन के बराबर वाली गली में स्थित करीब 5 से 6 दुकानों को सील कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि इन दुकानों पर करीब 40 लाख रुपये से ज्यादा का टैक्स बकाया था। लंबे समय से नोटिस और चेतावनी के बावजूद बकाया जमा न करने पर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए सीलिंग की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान बाजार में हड़कंप की स्थिति बन गई। आसपास के दुकानदारों में भी खौफ का माहौल देखने को मिला। कई व्यापारी अपनी फाइलें और दस्तावेज संभालते नजर आए।
सूत्रों के अनुसार नगर निगम की टीम ने साफ कर दिया है कि जिन व्यापारियों पर टैक्स बकाया है, उनके खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

व्यापार मंडल के कुछ पदाधिकारियों ने इस कार्रवाई को अचानक और कठोर बताते हुए प्रशासन से वार्ता की मांग की है, जबकि निगम अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी तरह नियमों के तहत की गई कार्रवाई है