रोडवेज मार्केट में लटकता बिजली बॉक्स बना खतरे की घंटी, दहशत में दुकानदार

Spread the love

 

रोडवेज मार्केट में लटकता बिजली बॉक्स बना खतरे की घंटी, दहशत में दुकानदार

जर्जर दीवार पर टिका बिजली बॉक्स बना जानलेवा, रोडवेज मार्केट में दुकानों पर ताले

बरेली में मौत का खतरा बनता बिजली बॉक्स, व्यापारियों ने बंद किया कारोबार

एक झोंका हवा और हो सकता है बड़ा हादसा, रोडवेज इलाके में बिजली विभाग की लापरवाही उजागर

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। शहर के पुराने रोडवेज इलाके में स्थित कमल ऑप्टिकल्स के पास बाजार क्षेत्र में बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। यहां एक जर्जर दीवार के सहारे एंगल पर टिका बिजली का बॉक्स कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि गौतम रेडियो की दुकान के समीप यह बिजली बॉक्स बेहद कमजोर दीवार से सटा हुआ है। स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि आसपास के व्यापारियों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दी हैं।

गौतम रेडियो के संचालक सचिन गौतम ने बताया कि दीवार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है और उसी पर बिजली का भारी बॉक्स टिका है। हल्की हवा या किसी वाहन के कंपन से इसके गिरने का खतरा बना रहता है। यदि बॉक्स नीचे गिरा तो किसी की जान भी जा सकती है।

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। विभागीय लापरवाही से व्यापारियों में गहरा आक्रोश है।

खंडेलवाल इलेक्ट्रॉनिक्स, गुप्ता लाइट, चंदा रेडियो, सुधीर शर्मा, मोहम्मद फैजी समेत अन्य दुकानदारों ने भी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि यह इलाका बेहद व्यस्त है और प्रतिदिन सैकड़ों लोग यहां से गुजरते हैं। ऐसे में यह स्थिति किसी भी समय बड़ी दुर्घटना में बदल सकती है।

स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया जाए, बिजली के बॉक्स को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए और जर्जर दीवार को गिराकर लोगों की जान को सुरक्षित किया जाए।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta