
24 घंटे में प्रेमनगर पुलिस का एक्शन मोड, राहुल गोलीकांड के आरोपी मुठभेड़ के बाद दबोचे गए
राहुल पर फायरिंग का खुलासा: प्रेमनगर में मुठभेड़, एक आरोपी घायल, दोनों गिरफ्तार
बरेली में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, गोलीकांड के आरोपी 24 घंटे में सलाखों के पीछे
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। थाना प्रेमनगर क्षेत्र में आईटीआई के छात्र राहुल को गोली मारकर घायल करने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मामूली विवाद के बाद आरोपी उदय ठाकुर और मनोज भास्कर ने राहुल पर फायरिंग कर दी थी। घटना के बाद पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही और उन्हें पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जाती रही।
इसी दौरान प्रेमनगर थाना क्षेत्र के आरपीएफ बैरक के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी उदय ठाकुर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, पांच जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल राहुल पर फायरिंग में किया गया था।
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस की तेज और प्रभावी कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
प्रेमनगर पुलिस की इस फास्ट एक्शन को क्षेत्रवासियों ने सराहा है और इसे कानून-व्यवस्था के लिए एक मजबूत संदेश बताया है।