रामपुर गार्डन में चाय पीते समय खूनी झड़प, हिस्ट्रीशीटर के बेटे ने युवक को पीटा

Spread the love

 

रामपुर गार्डन में चाय पीते समय खूनी झड़प, हिस्ट्रीशीटर के बेटे ने युवक को पीटा

बरेली के पॉश इलाके में दिनदहाड़े लाठी-डंडे चले, चाय की दुकान पर फैली दहशत

रामपुर गार्डन में सरेआम हमला, हिस्ट्रीशीटर का बेटा साथियों संग गिरफ्तार

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। शहर के पॉश इलाके रामपुर गार्डन में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चाय रेस्टोरेंट पर बैठे लोगों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। लाठी-डंडों से हुए इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

कोतवाली क्षेत्र के आजमनगर निवासी सुब्हान पुत्र तसलीम सोमवार शाम करीब छह बजे रामपुर गार्डन स्थित एक चाय रेस्टोरेंट पर बैठा हुआ था। तभी एक हिस्ट्रीशीटर का बेटा अपने तीन-चार साथियों के साथ वहां पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया।

आरोप है कि युवकों ने सुब्हान को चारों ओर से घेर लिया और लाठी-डंडों से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। अचानक हुए हमले से रेस्टोरेंट में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। बीच-बचाव की कोशिशें भी नाकाम रहीं और गंभीर चोटें लगने से सुब्हान मौके पर ही गिर पड़ा।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी जुनैद यार खां समेत तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है। घायल सुब्हान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसके सिर और शरीर पर कई गंभीर चोटें बताई जा रही हैं।

दिनदहाड़े हुई इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta