
इस्लामिया इंटर कॉलेज में गांधी शिल्प बाज़ार का भव्य आगाज़
देश के आठ राज्यों के 40 हस्तशिल्पियों ने सजाया हुनर का संसार
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। स्थानीय इस्लामिया इंटर कॉलेज परिसर में सात दिवसीय गांधी शिल्प बाज़ार का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर निगम के महापौर डॉ. उमेश गौतम ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर नगर निगम के उपसभापति सर्वेश रस्तोगी, पूर्व उपसभापति अतुल कपूर, सहायक निदेशक हस्तशिल्प पुलकित जैन, एचपीओ मुक्तेश पाठक और शालू सक्सेना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
उद्घाटन समारोह के दौरान आयोजक संस्था की ओर से सभी अतिथियों का बुके और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। महापौर डॉ. उमेश गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि गांधी शिल्प बाज़ार जैसे आयोजन हस्तशिल्पियों को अपने उत्पादों के विपणन का सशक्त मंच उपलब्ध कराते हैं। इससे न केवल उन्हें आर्थिक मजबूती मिलती है, बल्कि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज और देश के विकास में भी योगदान देते हैं। उन्होंने हस्तशिल्पियों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
महापौर ने कहा कि भारत की पहचान सदियों से हस्तशिल्प कला के माध्यम से रही है। वर्तमान समय में यह क्षेत्र तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है, जिसका सीधा लाभ भारतीय अर्थव्यवस्था और कारीगरों के जीवन स्तर पर पड़ रहा है। ऐसे आयोजन शिल्प कला को व्यावसायिक रूप देने और शिल्पियों को सफल उद्यमी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
इस अवसर पर सहायक निदेशक हस्तशिल्प पुलकित जैन ने कार्यालय विकास आयुक्त हस्तशिल्प, वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य शिल्पियों को प्रशिक्षण, विपणन और वित्तीय सहायता प्रदान कर उन्हें स्वावलंबी बनाना है। उन्होंने शिल्पियों से योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
गांधी शिल्प बाज़ार में असम, बिहार, जम्मू-कश्मीर सहित देश के लगभग आठ राज्यों से आए हस्तशिल्पी अपने उत्कृष्ट और पारंपरिक उत्पादों के साथ प्रतिभाग कर रहे हैं। सहायक निदेशक ने शहरवासियों से मेले में पहुंचकर शिल्पियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
आयोजक संस्था के अध्यक्ष ने बताया कि यह मेला कार्यालय विकास आयुक्त हस्तशिल्प, वस्त्र मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से आयोजित किया गया है, जिसमें कुल 40 हस्तशिल्पी भाग ले रहे हैं। यह सात दिवसीय आयोजन एक फरवरी से सात फरवरी तक चलेगा।
कार्यक्रम में स्टेट अवार्डी अंजू सिंह, फारूख, अयान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अधिकारी-कर्मचारी तथा पत्रकार व छायाकार उपस्थित रहे।