
कोर्ट जा रहे ग्रामीणों का टैंपो पलटा, रोडवेज बस की टक्कर से दो घायल
भमोरा क्षेत्र में रोडवेज बस की लापरवाही, तारीख पर जा रहे ग्रामीण हादसे का शिकार
पीछे से टक्कर मारकर फरार हुई रोडवेज बस, टैंपो सवार दो ग्रामीण अस्पताल में भर्ती
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। थाना भमोरा क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में कोर्ट की तारीख पर जा रहे ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव चंदउआ निवासी चार ग्रामीण टैंपो से बरेली कचहरी जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनके वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टैंपो अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसा रामगंगा पुल से पहले अखा क्षेत्र के पास हुआ। टैंपो में सवार भानु प्रताप पुत्र केदार और रामोतार पुत्र ननकू को गंभीर चोटें आईं, जबकि राम सिंह पुत्र मुंशीलाल और ननकू बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर मारने के बाद रोडवेज बस चालक बस को मौके से लेकर फरार हो गया। वहीं, टैंपो चालक भी वाहन छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां दोनों का उपचार चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त टैंपो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि फरार बस की पहचान की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी
इस हादसे ने एक बार फिर रोडवेज बसों की रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की है।